कांकेर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20.235 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस की चेकिंग देखकर कार से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और नकदी समेत करीब 6.52 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख भागने लगे युवक

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली की टीम कांकेर बाईपास, आवासपारा और मनकेशरी चौक क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की हुंडई एस्टर कार क्रमांक CG 08 BG 6871 वहां पहुंची। कार में सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर वाहन से उतरकर भागने लगे।

संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनका पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। डिक्की में एक सफेद प्लास्टिक की बोरी और भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा बरामद हुआ।

कार की डिक्की से मिला 20.235 किलो गांजा

पुलिस ने बरामद गांजे का वजन कराया। सफेद बोरी में 9.810 किलोग्राम, जबकि दो अन्य पैकेटों में क्रमशः 6.230 किलोग्राम और 4.195 किलोग्राम गांजा मिला। इस तरह कुल 20.235 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 410 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा आरोपितों से 1,170 रुपये नकद, करीब 30 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन और लगभग पांच लाख रुपये की हुंडई एस्टर कार जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल 6 लाख 52 हजार 580 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं दोनों आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुभम मांढरे (20) निवासी किदवई वार्ड, देसाईगंज वाडसा, जिला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र और समीर पीलारे (22) निवासी जुनी वाडसा, थाना देसाईगंज, जिला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

सिटी कोतवाली कांकेर में दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है।