कांकेर। महिला को करीब एक साल से फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज करने और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने के मामले में कांकेर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कांकेर शहर के अन्नपूर्णा पारा क्षेत्र से पकड़ा। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला सिटी कोतवाली कांकेर थाना क्षेत्र का है।
एक साल से फोन कर महिला को कर रहा था परेशान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 15 जनवरी को सिटी कोतवाली कांकेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि मोहित सिंह पिछले करीब एक साल से लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था। फोन पर गाली-गलौज करने के साथ ही आरोपी उसे धमकियां भी देता था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी पीड़िता के पति के मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें भेजने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। लगातार मिल रही धमकियों से महिला मानसिक रूप से परेशान थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर अन्नपूर्णा पारा में दबिश
पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह कांकेर शहर के अन्नपूर्णा पारा इलाके में मौजूद है। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित सिंह (24), पिता चुम्मन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कप्तानगंज का रहने वाला है। आरोपी को 17 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से की यह अपील
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि फोन, सोशल मीडिया या किसी अन्य डिजिटल माध्यम से कोई व्यक्ति परेशान करता है, धमकी देता है या बदनाम करने की कोशिश करता है तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों और साइबर माध्यम से की जाने वाली आपराधिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





