कांकेर। जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मोदे में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में उस समय माहौल उत्साह से भर गया, जब कलेक्टर कुंदन कुमार ग्रामीणों के साथ पारंपरिक मांदरी नृत्य करने लगे। ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और आदिवासी संस्कृति की झलक पेश करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया।
शिविर में ग्रामीण युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और मांदरी नृत्य के जरिए अतिथियों का अभिनंदन किया। नृत्य और संगीत का माहौल देखकर कलेक्टर कुंदन कुमार भी खुद को रोक नहीं सके और युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर नृत्य करने लगे।
कलेक्टर को अपने बीच पारंपरिक नृत्य करते देख ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। वहां मौजूद अधिकारियों और ग्रामीणों ने भी इस पल का आनंद लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां प्रशासन लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं और जरूरतों से रूबरू हो रहा है।





