नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने साफ कर दिया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी अटल मांग है और इसके पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि उन्होंने दिनभर में कई बार सोनम वांगचुक से बातचीत की। दोनों इस बात पर सहमत हैं कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सख्ती के बावजूद कार्यकर्ताओं ने संयम और धैर्य बनाए रखा है।

वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि उनके आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत अहिंसा और शांति है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल समर्थकों के धैर्य और साहस की सराहना की।

सोनम वांगचुक ने रखी यह शर्त

सोनम वांगचुक ने कहा कि यदि केंद्र सरकार यह स्पष्ट और लिखित भरोसा देती है कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ कोई दंडात्मक या प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं होगी, तो वह अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने को तैयार हैं।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की 10 FIR

प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ 10 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें से चार मामले संसद मार्ग थाना, तीन कनॉट प्लेस थाना, जबकि एक-एक मामला मंदिर मार्ग, कर्तव्य पथ और बाराखंभा रोड थाना में दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने 16 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। इनमें राजीव चौक, पटेल चौक, दिल्ली गेट और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध है।