रायपुर। असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक राज्यपाल को सौंपा।
स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
राहत और पुनर्वास कार्यों में खर्च होगी राशि
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी गई 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि का उपयोग असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए किया जाएगा। प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने में यह राशि मददगार होगी।
राज्यपाल रमेन डेका का 16 अगस्त को असम दौरा प्रस्तावित है।
CM साय बोले- असम के साथ खड़ा है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम में बाढ़ के कारण हुई जन-धन की क्षति पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उनके जल्द सामान्य जीवन में लौटने की कामना भी की।
डॉ. रमन सिंह और पुरंदर मिश्रा भी रहे मौजूद
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल को आपदा की घड़ी में दूसरे राज्य के प्रति सहयोग और एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।





