नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के नक्सलमुक्त होने पर गृह मंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही अपने मंत्रालय और संसदीय क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान तोखन साहू ने अपना त्रैमासिक कार्य-प्रगति विवरण अमित शाह को सौंपा। इसमें मंत्रालय से जुड़े दायित्वों के साथ संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और उनकी प्रगति की जानकारी शामिल रही।

नक्सलवाद के खिलाफ सफलता को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ का नक्सलवाद से मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में शांति, सुशासन, विकास और लोगों के विश्वास के नए दौर की शुरुआत है।

उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार भी जताया।

प्रभावित क्षेत्रों में तेज होगी विकास की रफ्तार

केंद्रीय राज्यमंत्री साहू ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब विकास कार्यों को और तेजी से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। इन इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने से दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे छत्तीसगढ़ के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी।