जगदलपुर। जिले में नकली और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद-बीज की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खरीफ सीजन के दौरान किसानों के हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग और प्रशासन ने खाद-बीज विक्रेताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है।
जांच के दौरान अब तक 33 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं अनियमितताएं पाए जाने पर 28 दुकानों की खाद-बीज बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है, ताकि किसानों तक केवल मानक गुणवत्ता वाले उत्पाद ही पहुंच सकें।
कार्रवाई के तहत 6 दुकानों से खाद-बीज जब्त कर संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। गंभीर अनियमितता सामने आने पर एक विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित तथा दो अन्य दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी खाद-बीज विक्रेताओं को दुकान पर उपलब्ध स्टॉक और निर्धारित बिक्री दर की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सघन जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि नकली और अमानक खाद-बीज की बिक्री पर रोक लगाने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





