कांकेर। जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 144.600 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा इंडिका कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान CG 04 HC 1986 नंबर की सफेद टाटा इंडिका कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर ली।

पुलिस के अनुसार कार से 5 पेटी ग्रांड कोलंबिया शराब, 4 पेटी शीम्बा बीयर और 9 पेटी प्रेसिडेंट 5000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 60,480 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 600 रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये कीमत की कार भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत 1 लाख 11 हजार 80 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनलाल नेताम (36) और भगत सिंह ताम्रकार (39) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम डुमरकोट, जिला कांकेर के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही अवैध शराब के संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।