सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मवेशी चराने जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। घटना में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। हमले के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। घटना पालामडगू गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पालामडगू के पटेलपारा निवासी पोडीयाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (करीब 50 वर्ष) मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक उनका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया।

हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जंगल और आसपास के क्षेत्र में भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

मामले की सूचना वन विभाग को दी गई है। वन विभाग की टीम ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों से जंगल की ओर जाते समय सतर्क रहने की अपील भी की जा रही है।