छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पांच ध्रुव हेलीकॉप्टरों से होगा भव्य एयर शो, सुबह 11 बजे सेंध लेक में दिखेगा रोमांचक नजारा; दो महिला पायलट भी होंगी शामिल

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियों के बीच भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने वायुसेना के अधिकारियों और पायलटों का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।

2 नवंबर को पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हवाई करतब

राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतीय वायुसेना की सारंग टीम पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करेगी। आसमान में हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान और अलग-अलग आकृतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

दो महिला पायलट भी दिखाएंगी उड़ान कौशल

सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने महिला पायलटों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहस और आत्मविश्वास प्रदेश की बेटियों को रक्षा एवं विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

युवाओं के लिए प्रेरणादायी होगा एयर शो

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के जवानों का साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता देश के लिए गर्व का विषय है। सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेगा। साथ ही स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता की झलक भी देखने को मिलेगी।

मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य हवाई करतबों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करने के साथ युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और देशसेवा के लिए प्रोत्साहित करना भी है।