रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में शनिवार सुबह 10 बजे तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, लेकिन अब भी प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव में कमी आने के बाद अब नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने का इंतजार है, जिससे प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
शुक्रवार को तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर और दुर्ग प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।





