कोरिया। बैकुंठपुर में आदिवासी नाबालिग छात्रा को कथित रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद को कोरिया पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह उर्फ पूजा पैकरा ने बीते बुधवार अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जांच में सामने आया कि छात्रा IC Mart गई थी, जहां मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि छात्रा को डरा-धमकाकर उससे जबरन एक लिखित बयान भी लिया गया, जिसमें चोरी करने की बात लिखवाई गई।
ब्लैकमेल और कथित प्रताड़ना से टूट गई छात्रा
आरोप है कि घटना के बाद मार्ट प्रबंधन ने छात्रा और उसके परिवार से पैसे की मांग शुरू कर दी। पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और बाद में छात्रा के पिता से 50 हजार रुपये की मांग की गई।
परिजनों का आरोप है कि रकम नहीं देने पर मार्ट प्रबंधन ने छात्रा की स्कूटी भी अपने कब्जे में ले ली। बाजार में सार्वजनिक रूप से हुई कथित बेइज्जती और लगातार दबाव के कारण छात्रा गहरे मानसिक आघात में चली गई। इसी तनाव के चलते उसने अपने घर में आत्महत्या कर ली।
तीनों आरोपियों पर घोषित था इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरिया पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी लिया संज्ञान
इस संवेदनशील मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट और जवाब तलब किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




