अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में खेत में रोपा लगा रहे तीन लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक युवक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बिनिया गांव में अचानक मौसम खराब हो गया। उस समय परिवार के लोग अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीन लोग आ गए। बिजली गिरते ही सभी खेत में अचेत होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के समय बच्ची की मां भी मौके पर मौजूद थी।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल तीनों को उपचार के लिए आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





