गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि पति ने पत्नी को एक परिचित युवक के साथ देखने के बाद विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम अंजनी की है। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली क्षेत्र की रहने वाली थी। उसका पति सुमित कुमार यादव (32) है। 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे सुमित ने पत्नी को कमरे में नहीं देखा तो वह उसकी तलाश में निकला। इसी दौरान उसने पत्नी को परिचित युवक जितेंद्र मंडल के साथ देखा।
युवक भागा, पत्नी से हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित ने जितेंद्र का पीछा किया, लेकिन वह मौके से भाग निकला। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और झूमाझटकी हुई। आरोप है कि इसी दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मजदूरों को झाड़ियों में मिला शव
घटना के बाद महिला का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। बाद में जेपी एग्रोटेक मिल के मजदूरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का आरोप
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने पूछताछ के दौरान गलत जानकारी देकर जांच को गुमराह करने की कोशिश की। घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गौरेला थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ख) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





