रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही वर्षा से कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार, 18 अगस्त को रायपुर समेत प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान कोरबा में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं लगातार बारिश और बादलों के कारण राजधानी रायपुर के अधिकतम तापमान में भी करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

रायपुर में दिनभर छाए रह सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश व फुहारों का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में आज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका जताई है। धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

28 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा तट के आसपास बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है।

मौसम प्रणाली के आगे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों से होते हुए झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में पर्याप्त नमी पहुंच रही है और कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।

कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा 17 सेंटीमीटर बारिश कोरबा में दर्ज की गई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेंटीमीटर तथा अजगरबहार में 9 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

डौंडीलोहारा में 7 सेंटीमीटर, जबकि ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

वहीं कुमरदा, बागबहार, जनकपुर-भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अगले कुछ समय तक प्रदेश में बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।