रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि 8 अगस्त के बाद वर्षा की तीव्रता और इसका दायरा कुछ कम हो सकता है।
इन क्षेत्रों में सबसे अधिक बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों में रघुनाथनगर और मालखरौदा में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिमगा में 6 सेंटीमीटर तथा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पलारी, पिपरिया, मुंगेली, शिवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवां, पटना और बिलासपुर सहित कई स्थानों पर करीब 3 सेंटीमीटर बारिश हुई।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 8 अगस्त से बारिश की रफ्तार में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश या हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक प्रदेश में मानसून की कुल वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि अगले दो दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है।





