रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


इन सात जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव और कोरबा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।


30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।


कई स्थानों पर हो सकती है तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार सक्रिय मानसून के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।


रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें।