रायपुर। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। विभाग ने 33 प्रकार के संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए 28 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। वहीं, प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 26 जुलाई को रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों पर होगी।
इन पदों पर होगी भर्ती
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संविदा आधार पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट, फार्मासिस्ट समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 8,800 रुपये से 31,500 रुपये प्रतिमाह तक मानदेय मिलेगा।
योग्यता और आयु सीमा
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। 8वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ-साथ संबंधित विषय में डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारक भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी।
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क डिमांड ड्राफ्ट (DD) के माध्यम से जमा करना होगा।
- दिव्यांग, एससी, एसटी और महिला अभ्यर्थी: 100 से 200 रुपये
- ओबीसी वर्ग: 200 से 300 रुपये
- सामान्य वर्ग: 300 से 400 रुपये
26 जुलाई को होगी प्रयोगशाला परिचारक परीक्षा
प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 26 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा रायपुर जिले के 52 केंद्रों पर होगी, जिसमें 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं और सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।





