सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पति-पत्नी समेत चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को उपचार के लिए मालखरौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, डभरा क्षेत्र के ग्राम कासा निवासी पति-पत्नी मोटरसाइकिल से जैजैपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत पिहरीद के मुख्य मार्ग पर तालाब के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
दोनों मोटरसाइकिलों के टकराते ही चारों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करते हुए घटना की सूचना पुलिस और डायल-112 को दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मालखरौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
दूसरी बाइक पर सवार थे अमेराडीह के दो युवक
बताया जा रहा है कि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक अमेराडीह गांव के रहने वाले हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर की असल वजह क्या थी, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





