रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। खम्हार चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, बिहामाटी गांव के तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खम्हार चौक पहुंचे थे। वे सड़क पार कर सामने स्थित एक होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। मामले की जांच जारी है।