बालोद। जिले के गुंडरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। आरोप है कि वार्ड में चल रहे सड़क निर्माण को लेकर सवाल पूछे जाने पर नगर पंचायत अध्यक्ष नाराज हो गए और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवराज तम्बोली के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर युवराज तम्बोली ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवराज तम्बोली ने वार्ड में बन रही सड़क के निर्माण से संबंधित सवाल नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन से किया था। आरोप है कि सवाल सुनते ही अध्यक्ष नाराज हो गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
युवराज तम्बोली का आरोप है कि बातचीत के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज की और कथित तौर पर जमीन में गाड़ देने की धमकी भी दी। घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
मामला सामने आने के बाद युवराज तम्बोली ने गुंडरदेही पुलिस थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की ओर से शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
पहले भी विवादों में आ चुके हैं अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। पूर्व में एक समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। अब नया वीडियो सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
मामले पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने नगर पंचायत अध्यक्ष के कथित व्यवहार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।
हिरवानी ने आरोप लगाया कि खुलेआम किसी को धमकी देना गंभीर मामला है। उन्होंने शासन और प्रशासन से प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। वायरल वीडियो और उससे जुड़े आरोपों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष का विस्तृत पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





