सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस वर्ष आयोजन की थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' रखी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
विकास योजनाओं और जनकल्याण पर दिया जोर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली बबली को 3,100 रुपये, रानी गुप्ता को 2,100 रुपये और कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत ने पहला, स्वास्थ्य विभाग ने दूसरा तथा शिक्षा और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों ने बांधा समां
राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान खींचा। स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं कर्मा नृत्य और लोकगीतों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, एकता और विकास की झलक पेश की गई।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
Yuva Chhattisgarh – आपकी आवाज़, आपकी पहचान।





