अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। लंबे समय से अतिरिक्त फेरे की मांग के बाद रेलवे ने ट्रेन का दूसरा साप्ताहिक फेरा शुरू कर दिया है। इसका संचालन मंगलवार और गुरुवार को किया जाएगा।

सांसद ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

अंबिकापुर से निजामुद्दीन के लिए शुरू हुए दूसरे साप्ताहिक फेरे को सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली की ओर आने-जाने के लिए एक और विकल्प मिल गया है।

लंबे समय से उठ रही थी अतिरिक्त फेरे की मांग

सरगुजा संभाग के लोग लंबे समय से अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सांसद चिंतामणि महाराज ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस मांग को प्रमुखता से रखा था। अब दूसरा साप्ताहिक फेरा शुरू होने के साथ यात्रियों की यह मांग पूरी हो गई है।

विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा लाभ

ट्रेन के फेरे बढ़ने से खासतौर पर विद्यार्थियों, व्यवसायियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा मिलेगा। साथ ही दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों तक यात्रा के लिए रेल कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इसे सरगुजा संभाग में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा और मजबूत कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इस दिशा में आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।