मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चावल-शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन बाज' के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 100 क्विंटल चावल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में मुंगेली के अलावा आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों के भी सुराग मिले हैं। गिरोह रात में पिकअप वाहन लेकर निकलता था और सुनसान इलाकों में स्थित पीडीएस दुकानों के ताले तोड़कर अनाज चोरी करता था। चोरी के बाद बोरियां बदलकर माल को बिलासपुर में बेचने की बात सामने आई है।
तीन PDS दुकानों में चोरी के बाद सक्रिय हुई पुलिस
पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन उपेन्द्र सिंह राजपूत ने पुलिस को बताया था कि 5 और 6 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर 76 कट्टी चावल यानी करीब 38 क्विंटल अनाज ले गए। इसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई गई।
इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की उचित मूल्य दुकान से 25 कट्टी चावल यानी करीब 12.5 क्विंटल चोरी होने की शिकायत मिली थी। वहीं सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा में गोदाम का ताला तोड़कर करीब 60 से 70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी कर ली गई थी।
लगातार हो रही इन वारदातों को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने और चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिला सुराग
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, एसडीओपी हरविन्दर सिंह और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ पुराने चोरी के मामलों में शामिल लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान ग्राम चिरौटी के कुछ पुराने आरोपियों और ग्राम बावली के युवकों के पिकअप वाहन से इलाके में घूमने की सूचना मिली।
पुलिस ने ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ पीडीएस दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया।
किराये की पिकअप से करते थे चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि खिलेश कौशिक ड्राइवरी का काम करता था। वह ग्राम बावली निवासी महेन्द्र निषाद की पिकअप CG 28-Q-3669 किराये पर लेकर चलाता था। इसी दौरान उसकी पहचान ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे और पिन्टू उर्फ विजय पात्रे से हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आसपास के गांवों की सरकारी उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई। वाहन उपलब्ध कराने के बदले खिलेश को किराये के अलावा चोरी के माल में हिस्सा देने की बात कही गई थी।
आरोप है कि 5 अगस्त की रात सभी सरगांव में इकट्ठा हुए और पिकअप से कलारजेवरा पहुंचे। यहां सोसायटी का ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया। इसके बाद गिरोह बेलखुरी पहुंचा और चैनल गेट व दरवाजे का ताला तोड़कर वहां से भी चावल ले गया।
इसके बाद 6 और 7 अगस्त की रात ग्राम पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी की गई।
बोरियां बदलकर बिलासपुर में बेचते थे चोरी का चावल
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए चावल और शक्कर को पहले ग्राम घुठेली ले जाया जाता था। वहां सरकारी बोरियों को बदलने के बाद माल को कथित तौर पर बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में व्यापारियों के जरिए बेचा जाता था।
पुलिस के अनुसार चोरी का माल बंटी उर्फ रवि पाहूजा और सोनू राणा उर्फ नरेन्द्र के माध्यम से बेचने की जानकारी सामने आई है। चावल को नैतिक नागदेव और आयुष साहू की दुकान अथवा गोदाम में खाली कराने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि चोरी के माल की बिक्री से करीब 2.50 लाख रुपये मिले थे, जिसे आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
चार गिरफ्तार, 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने मामले में खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक बरामद सामान में 200 कट्टी चावल (करीब 100 क्विंटल) कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये, 16 कट्टी शक्कर कीमत करीब 32 हजार रुपये, बिक्री से मिले 24 हजार रुपये नकद और पिकअप वाहन CG 28-Q-3669 शामिल हैं।
इसके अलावा 83 प्लास्टिक बोरियां, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, सब्बलनुमा लोहे की रॉड और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।
ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
- खिलेश कौशिक (22), निवासी ग्राम बावली
- राजू श्रीवास (20), निवासी ग्राम बावली
- महेन्द्र निषाद (21), निवासी ग्राम बावली
- बंटी उर्फ रवि पाहूजा (50), निवासी जुनापारा, बिलासपुर
चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पूछताछ में खुलीं दूसरी वारदातें
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी किए जाने की बात सामने आई है।
इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी मिली है।
इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से 10 बोरी डीएपी खाद और ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस इन घटनाओं की तस्दीक कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पूछताछ में सामने आई दूसरी चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने लोगों और व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को देने की अपील की है। दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई है, जिससे आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके।





