जांजगीर-चांपा। जिले के सोनादुला-सांकर भारतमाला मार्ग पर करीब दो महीने पहले हुई युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह जांच में हत्या निकली। पुलिस के अनुसार ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की उसके दोस्त ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे रख दिया गया।

अकलतरा पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

24 जून को भारतमाला रोड पर मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, 24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 से जुड़ी घटना में बिलासपुर के सकरी निवासी 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी की मौत हो गई थी। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था।

अकलतरा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि जांच आगे बढ़ने पर कुछ तथ्य ऐसे मिले, जिनसे पुलिस को घटना पर संदेह हुआ।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में जांच तेज की गई।

एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और कोटमीसोनार चौकी प्रभारी विनोद जाटवर की टीम ने संदेह के आधार पर बिलासपुर की दीनदयाल कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह ठाकुर से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।

ट्रक के लेन-देन को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार हेमंत सिंह ठाकुर और मृतक अरविंद सिंह लोधी के बीच ट्रक के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर फिर बहस शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद पर हमला कर दिया। दोनों ने उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश

पुलिस जांच में सामने आया कि अरविंद की मौत के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए साजिश रची। शव को कार के नीचे रखकर ऐसा दृश्य तैयार किया गया, जिससे मामला सड़क दुर्घटना का लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके।

हालांकि जांच और पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों के बाद पूरे मामले की तस्वीर बदल गई।

हत्या की धाराएं जोड़ी गईं

हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) जोड़ दी है, जबकि पहले लगाई गई धारा 106(1) हटा दी गई।

पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23), निवासी दीनदयाल कॉलोनी बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घटना में इस्तेमाल कार CG 10 BP 9060 को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।