अंबिकापुर। झारखंड के जमशेदपुर में तीन लोगों पर गोली चलाने के बाद फरार हुए चार संदिग्ध शूटरों को छत्तीसगढ़ की अंबिकापुर पुलिस ने पकड़ लिया है। झारखंड पुलिस से मिली सूचना के बाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आर्टिगा कार को रोककर चारों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, जमशेदपुर में गोलीबारी की वारदात के बाद आरोपी कार से झारखंड से निकलकर छत्तीसगढ़ की ओर भागे थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई। अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस ने एक आर्टिगा कार को रुकवाया। कार में सवार चार लोगों की पहचान संदिग्धों के रूप में होने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
जमशेदपुर में तीन लोगों को मारी गई थी गोली
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर में हुई फायरिंग की घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। वारदात के बाद चारों संदिग्ध मौके से फरार हो गए थे। झारखंड पुलिस को उनके छत्तीसगढ़ की ओर जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद संबंधित राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से निगरानी और वाहन जांच तेज कर दी थी।
आरोपियों को लेने अंबिकापुर पहुंची झारखंड पुलिस
चारों संदिग्धों के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों को झारखंड पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल उनसे पूछताछ कर गोलीकांड में उनकी भूमिका और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन राज्यों की पुलिस के तालमेल से कार्रवाई
इस कार्रवाई में झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के बीच समन्वय अहम रहा। सूचना मिलते ही सीमावर्ती और प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी तथा वाहनों की जांच बढ़ाई गई, जिसके बाद चारों संदिग्ध अंबिकापुर में पुलिस की गिरफ्त में आ गए। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





