केशकाल (कोंडागांव):छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी में हुई पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड में कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी भगनी नेताम ही मुख्य आरोपी निकली है। वारदात के बाद से फरार चल रही आरोपी महिला को पुलिस ने बेडमा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।


घर में ही धारदार हथियार से की थी हत्या

जानकारी के अनुसार, बीती रात पूर्व सरपंच गोविंद नेताम पर उनके ही घर के भीतर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी भगनी नेताम की भूमिका पर गहरा संदेह हुआ। वारदात के तुरंत बाद से ही वह घर से फरार थी।


बेडमा में घेराबंदी कर दबोचा

आरोपी महिला की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने बेडमा क्षेत्र में घेराबंदी कर भगनी नेताम को धर दबोचा। मामले का खुलासा करते हुए केशकाल के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) अरुण नेताम ने बताया कि कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी महिला टूट गई और उसने धारदार हथियार से पति की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया।


शराब की लत और खौफनाक अतीत

ग्रामीणों के मुताबिक, भगनी नेताम पिछले करीब तीन वर्षों से गोविंद नेताम के साथ रह रही थी। वह अत्यधिक शराब पीने की आदी थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद और कलह की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी महिला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; वह इससे पहले अपने पहले पति की हत्या के आरोप में भी जेल की सजा काट चुकी है।


न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अब वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार की बरामदगी के साथ ही हत्या के वास्तविक कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।