सुकमा। जिले में अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में विभाग की टीम ने 48 नग अवैध काष्ठ जब्त किया है। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.872 घनमीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। लकड़ी के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक ऑटो को भी जब्त किया गया है।

तोंगपाल और कमलापदर में मिला अवैध काष्ठ

वन विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर को तोंगपाल वन परिक्षेत्र के ग्राम तोंगपाल और कमलापदर में वनकर्मियों ने संयुक्त गश्त की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से रखी गई लकड़ी बरामद हुई। टीम ने मौके पर जांच के बाद लकड़ी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई में साल चिरान और चौखट के 24 नग, जबकि बीजा चिरान और फारा के 15 नग बरामद किए गए। दोनों क्षेत्रों से कुल 39 नग काष्ठ जब्त हुआ, जिसकी मात्रा 0.657 घनमीटर दर्ज की गई।

ऑटो से पकड़ी गई सागौन की लकड़ी

इसी दिन सुकमा वन परिक्षेत्र में सुबह करीब 4:45 बजे वनकर्मियों ने संदिग्ध ऑटो CG-18-K-8332 को रोककर जांच की। ऑटो से सागौन लकड़ी के 9 नग मिले। परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर लकड़ी के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। अधिकारियों के अनुसार अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी रोकने के लिए वन क्षेत्रों में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी।