जशपुर, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पांच वर्षीय मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता बच्चे का शव खेत में बने गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव को बोरी और कंबल में लपेटकर छिपाया गया था। मृतक की पहचान लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में परिवार के एक रिश्तेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घर से लापता हुआ था मासूम, तलाश के दौरान मिला शव
जानकारी के मुताबिक, पांच वर्षीय जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता था। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बच्चे के पिता रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच गांव में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में बने गड्ढे से बच्चे का शव मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और जांच शुरू की।
शव की हालत देख उठे गंभीर सवाल
मामले में बच्चे की आंखें और किडनी गायब होने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस या चिकित्सकीय स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर मिले निशानों की स्थिति पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिता का रिश्तेदार हिरासत में, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने गोरियापाठ चलनी निवासी वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह मृतक के पिता का ममेरा भाई है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मासूम की हत्या के पीछे कौन था और वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया गया, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





