रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क जाम कर यातायात बाधित करने के आरोप में भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद सहित 11 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री निवास घेरने निकले थे प्रदर्शनकारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में भीम आर्मी के करीब 100 से 150 कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकले थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारी ओसीएम चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
एंबुलेंस और स्कूल बसों को भी हुई परेशानी
प्रदर्शन के चलते सड़क पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। बताया गया कि जाम में एंबुलेंस और स्कूली बसें भी फंस गईं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं से निर्धारित धरना स्थल तूता जाकर अपनी मांगें रखने को कहा, लेकिन आरोप है कि समझाइश के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा।
11 लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
मामले में कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा और युवराज ढीढी सहित कुल 11 लोगों को नामजद किया है। इनके खिलाफ सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और यातायात प्रभावित करने के आरोप में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में हुए प्रदर्शन का मामला चर्चा में आ गया है।





