कटघोरा (कोरबा)। सोशल मीडिया पर भगवान शिव और भगवान राम को लेकर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कटघोरा थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम यूजर नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों और भाजपा पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

सावन में मांस सेवन से जुड़ा वीडियो किया था शेयर

जानकारी के अनुसार, सावन पर्व के दौरान मांस सेवन से संबंधित एक वीडियो आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पोस्ट में भगवान शिव, भगवान राम और सनातन धर्म से जुड़े देवी-देवताओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की गई। पोस्ट सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने थाने में दी शिकायत

मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर संबंधित इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सावन के पवित्र महीने में देवी-देवताओं को लेकर की गई इस तरह की टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर कटघोरा थाना पुलिस ने नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।