बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में खेत की फसल चरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चार लोगों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर 58 वर्षीय किसान को पकड़ लिया और जबरन कीटनाशक पिला दिया। किसान की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
27 अगस्त की सुबह हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:45 बजे ग्राम मुरू से खरकेना मार्ग के पास हुई। मृतक की पहचान राजू निर्मलकर (58), निवासी पथराली, थाना हिर्री के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत की फसल चरने की बात को लेकर राजू निर्मलकर और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 35/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य तथ्यों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू को कथित तौर पर जबरन कीटनाशक पिलाया गया था। इसके बाद हिर्री पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
झाड़ियों में छिपाया कीटनाशक का डिब्बा
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों की वारदात में संलिप्तता सामने आई। आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की नीयत से राजू निर्मलकर को कीटनाशक पिलाया और इसके बाद दवा के डिब्बे को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपा दिया था।
चार आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग पर भी कार्रवाई
पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ जगजीवन पठारी (31), मनमोहन पठारी (30), संदीप यादव (21) और राकेश निर्मलकर (26) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
हिर्री पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब घटना से जुड़ी परिस्थितियों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। फसल चरने जैसे मामूली विवाद में किसान की जान लेने की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।





