बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के नाम से फर्जी Instagram ID बनाकर तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले की जांच के दौरान दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को उसके घरेलू नाम से संचालित एक Instagram अकाउंट की जानकारी मिली थी। जांच करने पर आरोप लगा कि यह अकाउंट फर्जी तरीके से बनाया गया था और उस पर पीड़िता तथा आरोपी की तस्वीरें पोस्ट की गई थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने तखतपुर थाने में लिखित शिकायत दी।

बयान के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, बयान में आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान (20) को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।