अंबिकापुर। सूरजपुर जिले में ब्रांडेड शराब के नाम पर कथित मिलावटी शराब तैयार कर बेचने के मामले का आबकारी विभाग ने खुलासा किया है। अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कुमदा बस्ती के एक मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में नकली पैकिंग सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 2500 नकली ढक्कन, 200 रैपर व लेबल, खाली बोतलें और करीब 12 लीटर कथित मिलावटी शराब जब्त की गई।

मकान के अंदर तैयार हो रही थी शराब की पैकिंग

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि कुमदा बस्ती के एक मकान में अवैध रूप से शराब तैयार करने और उसे ब्रांडेड बोतलों की तरह पैक करने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े के घर पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान कमरे से अलग-अलग शराब ब्रांड के नाम वाले नकली ढक्कन, रैपर और लेबल बरामद हुए। मौके पर बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी मिलीं।

बड़े ब्रांडों के नाम वाली पैकिंग सामग्री बरामद

आबकारी विभाग के मुताबिक, बरामद सामग्री में मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसे नामी शराब ब्रांडों के नाम वाले ढक्कन और लेबल शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कथित मिलावटी शराब को इन्हीं ब्रांडों के नाम से पैक कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग

मौके से करीब 12 लीटर कथित मिलावटी शराब भी बरामद की गई है। अब आबकारी विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि नकली ढक्कन और लेबल कहां से लाए गए और शराब की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी।

इसके साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

मामले में आबकारी विभाग ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।