कोंडागांव, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। केशकाल क्षेत्र के ग्राम ईरागांव में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने एक मकान में छापेमारी कर 36.380 बल्क लीटर शराब बरामद की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई आबकारी टीम

मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को ग्राम ईरागांव में एक घर में अवैध रूप से शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर रायपुर से पहुंची उड़नदस्ता टीम ने अमृतलाल नेगी के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की बीयर, अंग्रेजी और देशी शराब बरामद हुई।

घर में छिपाकर रखी थी बड़ी मात्रा में शराब

कार्रवाई के दौरान टीम ने 67 केन सिंबा बीयर, 6 नग मेडऑफ व्हिस्की और 10 पाव देशी शराब जब्त की। बरामद शराब की कुल मात्रा 36.380 बल्क लीटर बताई गई है। आबकारी विभाग ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया।

गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा

आबकारी विभाग ने आरोपी अमृतलाल नेगी, पिता सोनलाल नेगी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जमानत नहीं मिलने पर आरोपी को जगदलपुर जेल भेज दिया गया। मीडिया रिपोर्ट में आरोपी के एक कांग्रेस नेता का पुत्र होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।