सुकमा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। जिला प्रशासन सुकमा और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आज 6 अगस्त 2026 को शासकीय आईटीआई, कोंटा में एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा, जहां निजी कंपनी के लिए सीधे भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
रोजगार मेले में श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकासखंड कोंटा क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक मीटर तकनीशियन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 10वीं, 12वीं, स्नातक अथवा आईटीआई (इलेक्ट्रिकल ट्रेड अनिवार्य) उत्तीर्ण किया हो।
आकर्षक वेतन और सुविधाएं
चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा 3,500 से 5,500 रुपये तक पेट्रोल भत्ता, ईपीएफ, मेडिकल सुविधा और प्रदर्शन के आधार पर इंसेंटिव का लाभ भी मिलेगा।
जरूरी दस्तावेज साथ लाएं
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से इस नि:शुल्क रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। भर्ती प्रक्रिया और अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट तथा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर भी उपलब्ध कराई गई है।





