कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में तुल्लू पंप चोरी को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चिचाड़ी में दीपावली की रात एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते बुजुर्ग की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घर लौट रहे बुजुर्ग को रास्ते में बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, मृतक मंगऊ वट्टी दीपावली की रात गांव में आयोजित राउत नाचा कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी विकास मरकाम ने उनका पीछा किया। रात करीब 10 बजे शीतला मंदिर के पास सुनसान जगह पर आरोपी ने बुजुर्ग को लात मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद सीमेंट के पत्थर से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चोरी के विवाद से शुरू हुई थी दुश्मनी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गांव में तुल्लू पंप चोरी की घटना को लेकर बैठकें हुई थीं। इन बैठकों में मृतक ने विकास मरकाम का नाम लिया था। इसी बात से आरोपी नाराज था और बुजुर्ग से बदला लेने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
9 नवंबर की सुबह शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर गठित टीम ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
जांच के दौरान पुलिस ने विकास मरकाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद 10 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।





