दुर्ग, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेम विवाह की तैयारी के दौरान दस्तावेज मांगने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक को मकान दिखाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद उस पर धारदार हथियार से वार किया गया। हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के लिए आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, अमित कुमार बंजारे और किरण गुप्ता प्रेम विवाह करने की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे दोनों दीपक गुप्ता के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शादी के लिए जरूरी आधार कार्ड मांगने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

मकान दिखाने के बहाने सुनसान जगह ले गया आरोपी

आरोप है कि विवाद के बाद दीपक गुप्ता ने अमित को अपना नया मकान दिखाने की बात कही। इसके बाद वह उसे शिवपुरी इलाके की ओर ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी ने कथित तौर पर अमित की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।

अचानक हुए हमले से घायल अमित ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

गंभीर हालत में युवक को दुर्ग रेफर किया गया

घटना के बाद घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

मामले की शिकायत मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान हमले में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैंप-1 के जलेबी चौक निवासी 48 वर्षीय दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।