जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में जिला पुलिस बल के एक जवान के सर्विस राइफल से खुद पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। जवान वर्तमान में DSP के गनमैन के रूप में तैनात है। गोली उसके कंधे को छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। घायल जवान को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल जवान की पहचान विजय जेना के रूप में
जानकारी के मुताबिक, घायल जवान की पहचान विजय जेना के रूप में हुई है। वह जिला बल में पदस्थ है और पिछले कुछ महीनों से DSP के गनमैन के रूप में ड्यूटी कर रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया।
पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद पर गोली चला दी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
कंधे को छूकर निकली गोली
राहत की बात यह रही कि गोली जवान के कंधे को छूकर निकल गई। इससे उसे कंधे पर चोट आई है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
जगदलपुर CSP सुमित कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।





