जगदलपुर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बस्तर में संयुक्त ड्राइवर संघ ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। संघ ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

प्रस्तावित हड़ताल का असर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था पर पड़ने की आशंका है। इससे राशन वितरण, सब्जी मंडियों तक सामान की आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल परिवहन, खनिजों की ढुलाई और यात्री बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है।


33 जिलों के चालक संगठन हुए एकजुट

संघ के अनुसार, रायपुर में आयोजित बैठक में प्रदेश के 33 जिलों के चालक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। चालकों का कहना है कि इससे पहले भी वे अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है।


चालकों की प्रमुख मांगें क्या हैं?

संयुक्त ड्राइवर संघ का कहना है कि वाहन चालकों को आए दिन मारपीट, झूठे आरोपों और असुरक्षा जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उनकी प्रमुख मांगों में ड्राइवर आयोग का गठन, चालकों के कल्याण के लिए वेलफेयर व्यवस्था और राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर दिवस घोषित करना शामिल है।


प्रशासन के फैसले पर टिकी नजरें

संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। अब देखना होगा कि निर्धारित तारीख से पहले शासन और प्रशासन चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल प्रस्तावित आंदोलन को लेकर परिवहन क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।



Yuva Chhattisgarh – आपकी आवाज़, आपकी पहचान।