रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शिक्षक (टी संवर्ग) के 1,654 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डीपीआई की ओर से जारी संशोधित संक्षिप्त विज्ञापन के मुताबिक, 28 जुलाई 2026 को भर्ती की अधिसूचना जारी की गई है। इससे पहले सहायक शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी और अब शिक्षक (टी संवर्ग) के रिक्त पदों को भी भरने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
विज्ञापन के अनुसार, यह भर्ती छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGESB) के माध्यम से कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। हालांकि, आवेदन की तिथि, विषयवार रिक्तियों का विस्तृत विवरण, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
डीपीआई ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती से जुड़े सभी अपडेट के लिए कर्मचारी चयन मंडल और लोक शिक्षण संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।





