कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे का शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास में फंदे से लटका मिला। घटना 29 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. एल्विन अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे। 29 अगस्त की सुबह उनकी ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा अंदर से था बंद, खिड़की से अंदर पहुंचे कर्मचारी
शाम तक डॉ. एल्विन से संपर्क नहीं होने पर अस्पताल के कर्मचारी उनके क्वार्टर पहुंचे। बताया जा रहा है कि आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर अंदर देखा गया। बाथरूम में डॉक्टर का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
हाथ पर मिले चोट के निशान, पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पुलिस की प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि ये चोटें किन परिस्थितियों में लगीं। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। डॉक्टर की मौत से पहले की गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जांच
जांच के दौरान डॉक्टर के निजी जीवन से जुड़ी कुछ जानकारियां भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से परिचय और प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। कथित तौर पर दोनों के परिवार भी शादी के लिए तैयार थे।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे और वहां युवती की मां व भाई से मुलाकात की थी। 12 अगस्त को पालक्काड स्थित एक चर्च में शादी के लिए आवेदन किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने और रिश्ता टूटने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही जा रही है।
पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डॉक्टर की मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।





