जगदलपुर। बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी का बड़ा अवसर आने वाला है। बस्तर फाइटर्स में 4600 आरक्षकों की सीधी भर्ती की जाएगी। गृह विभाग ने भर्ती से जुड़ी नियमावली तैयार कर ली है और पुलिस मुख्यालय जल्द ही इसके लिए अलग से विज्ञापन जारी करेगा।

भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा। वहीं स्थानीय बोली और भाषा की जानकारी रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाएंगे।


महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण

भर्ती में स्थानीय महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत और पूर्व सैनिकों को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।

चयनित जवानों को पेंशन के लिए NPS या UPS में से किसी एक योजना का विकल्प भी दिया जाएगा।


शैक्षणिक योग्यता में मिलेगी छूट

सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी आवेदन कर सकेंगे।

माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के अभ्यर्थियों को भी पांचवीं पास की योग्यता पर आवेदन का मौका मिलेगा।


18 से 28 वर्ष रहेगी आयु सीमा

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी।

महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को भी नियमानुसार अतिरिक्त आयु छूट दी जाएगी।


100 अंकों की होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

चयन प्रक्रिया की शुरुआत शारीरिक दक्षता परीक्षा से होगी। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल होगी।

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 60 प्रतिशत, जबकि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा।


लिखित परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 अंकों के सवाल

शारीरिक परीक्षा के बाद मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा भी 100 अंकों की होगी।

इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि एवं तर्क क्षमता, स्थानीय भूगोल, संस्कृति और अंकगणित से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद निर्धारित अनुपात में उम्मीदवारों को 20 अंकों के साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया, पदों का जिलावार विवरण और अन्य शर्तें स्पष्ट होंगी।