जांजगीर-चांपा। जिले के देवरी से खोरसी, तनौद और कमरीद को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा हो जाता है। स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीणों और दोपहिया वाहन चालकों तक को रोज इसी मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
बारिश के बाद और बिगड़ जाते हैं हालात
सड़क की स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भरने के बाद यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर रोज बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खराब सड़क के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
गड्ढे और कीचड़ में फंस रहे वाहन
सामने आई तस्वीरों में राहगीर गड्ढों और कीचड़ के बीच वाहन सहित फंसे दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है और बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है।
मरम्मत कार्य शुरू, स्थायी समाधान की मांग
सड़क की बदहाली सामने आने के बाद मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है। जेसीबी की मदद से गड्ढों को समतल किया जा रहा है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल गड्ढे भरना पर्याप्त नहीं है। उनकी मांग है कि सड़क का स्थायी रूप से सुधार किया जाए, जिससे बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े।
सड़क की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर मरम्मत की गुणवत्ता और इस्तेमाल की जा रही सामग्री को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि किसी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल ग्रामीण चाहते हैं कि संबंधित विभाग सड़क का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ स्थायी मरम्मत कराए।





