बालोद, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बालोद जिले के ग्राम भेंड्रा पहुंचे। यहां आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने दिवंगत विधायक के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि सभा में जुटे कई जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

जनसेवा के प्रति समर्पण को किया याद

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। जनता से उनका जुड़ाव और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

परिवार को दी सांत्वना

श्रद्धांजलि सभा के दौरान विजय शर्मा ने दिवंगत विधायक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, दल्लीराजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, गुंडरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित कई अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।