बलरामपुर। जिले के ग्राम बड़कीमहरी में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचे एक हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरण को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव और गहरे जख्मों के कारण वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही हिरण ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर जंगल से भटककर हिरण बस्ती में पहुंच गया था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। हिरण की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। स्थानीय युवक राजू ठाकुर ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन तब तक हिरण की मौत हो चुकी थी। इसके बाद अधिकारियों ने मृत हिरण को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर हिरण की मौत अत्यधिक चोट और रक्तस्राव के कारण होना सामने आया है।