दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुआकोंडा थाना क्षेत्र में पालनार-बेड़मा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन और दूसरी पर दो लोग सवार थे। तेज रफ्तार के चलते दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तनेली गांव निवासी शुक्ला राम मड़कम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल पालनार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए किरंदुल स्थित अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह दोनों मोटरसाइकिलों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।





