सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक सब इंस्पेक्टर की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवान ने कैंप में अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली थी। गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मेट्टागुड़म कैंप में देर रात हुई घटना

जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान CRPF की 131वीं बटालियन में पदस्थ सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव के रूप में हुई है। वह मेट्टागुड़म कैंप में तैनात थे। घटना रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे।

घायल जवान को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल

घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर को फील्ड एंबुलेंस की मदद से इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं

सब इंस्पेक्टर की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा पार्थिव शरीर

पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जवान का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इस घटना से कैंप में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।