अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी खुद अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज कराने का भरोसा देकर वहां से फरार हो गया। बाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


जमीन और मकान निर्माण को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्राम तिरकेला (ठेपापारा) निवासी कामेश्वर मझवार का 26 जून को अपने चचेरे भाई फुटकू मझवार के साथ जमीन और मकान निर्माण को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर कामेश्वर की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


अस्पताल छोड़कर आरोपी हुआ फरार

मारपीट के बाद आरोपी घायल कामेश्वर को एंबुलेंस से लखनपुर अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज कराने की बात कहकर वहां से फरार हो गया। घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां 27 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज

मृतक के चचेरे भाई धुंधुराम मझवार की शिकायत पर पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी फुटकू मझवार (40 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।


पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद के दौरान गुस्से में मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।