कवर्धा: कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर हाफ नदी में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, लगातार बारिश और घने अंधेरे के कारण चालक सड़क का सही अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार नदी में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे दंपति को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
गौरतलब है कि हाफ नदी के पास यह पहला हादसा नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी स्थान पर एक कार नदी में गिर गई थी, जिसमें पांच युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद इस ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक संकेतक व बैरिकेड लगाने की मांग की है।





